कल दिनांक 16 अगस्त 2018 की संध्या 05 बज कर 05 मिनट पर जैसे ही भारतीय राजनीति के "मर्यादापुरुषोत्तम" श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के देहावसान की खबर आयी, मानो सारा देश शोकाकुल हो गया. हर कोई व्यथित मन से उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देने में लगा हुआ था. किन्तु, ऐसे अवसर पर भी कुछ लोग ऐसे थे जो अपनी घटिया और ओछी हरकत से बाज़ नहीं आये. अटल जी के देहांत के कुछ समय बाद ही एक तस्वीर सोशल मीडिया में दिखाई जाने लगी जिसमें डॉक्टरों का एक समूह एक शव के पास गर्दन झुकाए खड़ा दिख रहा था. इन घटिया लोगों ने इसे एम्स के डॉक्टरों द्वारा अटल जी को अंतिम विदाई का बता कर सोशल मीडिया पर फैलाने शुरू कर दिया और बहुत से अनजान लोगों ने भी इस तस्वीर को अपनी ओर से खूब शेयर किया.
बाद में जब इस तस्वीर की पड़ताल हुई तो पता चला की ये एक फर्जी तस्वीर थी. असल में यह तस्वीर 2012 की थी जिसमें चाइनीज़ डॉक्टरों का एक समूह एक ऐसे मरीज़ को श्रद्धांजलि दे रहे थे जिसने मृत्योपरांत अपने सभी अंग दान कर दिए थे. इस घटिया हरकत को देखने के बाद यही कहा जा सकता है कि इस देश में अभी भी ऐसे घृणित मानसिकता के लोग भरे पड़े है जिन्हें मानवीय संवेदना और संस्कारों का कोई मूल्य भी मालूम नहीं. ऐसे घटिया लोगों की जितनी भी निंदा की जाए कम ही है.
सन्दर्भ : ज़ी न्यूज़

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें